मुंबई
:
भारत का जीवन बीमा क्षेत्र परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और दीर्घकालिक वित्तीय योजना
में अहम भूमिका निभाता जा रहा है। IRDAI की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 के अनुसार, जीवन
बीमा कंपनियों ने वित्त वर्ष 2024-25 में कुल ₹6.30 लाख करोड़ के लाभ (बेनिफिट) का
भुगतान किया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जीवन बीमा उद्योग जीवन के अलग-अलग चरणों—सुरक्षा
से लेकर रिटायरमेंट और धन सृजन—तक परिवारों को मजबूत सहारा दे रहा है।
कुल भुगतान
में से ₹2.33 लाख करोड़ राशि पॉलिसी से निकासी और सरेंडर के रूप में दी गई, जो पिछले
साल से 1.77% अधिक है। पॉलिसी की निरंतरता (पर्सिस्टेंसी) बेहतर बनी हुई है, जिससे
साफ है कि लोग योजनाबद्ध तरीके से पैसे निकाल रहे हैं। पॉलिसीधारक इन पैसों का उपयोग
बच्चों की पढ़ाई, घर खरीदने या विदेश यात्रा जैसे लक्ष्यों के लिए कर रहे हैं। अब जीवन
बीमा केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोग इसे अन्य जरूरी जरूरतों के लिए भी
इस्तेमाल कर रहे हैं।
इंश्योरेंस
अवेयरनेस कमेटी (IAC-Life) के चेयरपर्सन कमलेश राव ने कहा, “जीवन बीमा कंपनियों
के आंकड़े बताते हैं कि यह क्षेत्र न केवल सुरक्षा देता है, बल्कि परिवारों के लिए
दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता और जरूरत के समय नकदी उपलब्ध कराने का मजबूत साधन भी है।
92% भुगतान ‘लिविंग बेनिफिट्स’ के रूप में होना इस बात का प्रमाण है कि जीवन बीमा अब
परिवारों का वित्तीय साथी बन चुका है।”
बीमा
उत्पादों में भी बदलाव आया है। अब बच्चों की योजनाएं, पेंशन (एन्युटी) योजनाएं और मार्केट
से जुड़ी योजनाएं उपलब्ध हैं, जिससे लोग अपनी जरूरत के अनुसार निवेश कर सकते हैं और
भविष्य के लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं।
रिपोर्ट
के अनुसार, कुल लाभ भुगतान नेट प्रीमियम आय का 71.92% रहा, फिर भी कंपनियों की सॉल्वेंसी
(भुगतान क्षमता) नियामकीय सीमा से ऊपर बनी हुई है। 31 मार्च 2025 तक सभी जीवन बीमा
कंपनियां न्यूनतम 1.50 सॉल्वेंसी अनुपात के मानक पर खरी उतरीं। यह मजबूत वित्तीय प्रबंधन,
संतुलित निवेश और सख्त नियमों के कारण संभव हुआ है। साथ ही, लगभग 100% क्लेम सेटलमेंट
रेशियो उद्योग की विश्वसनीयता को भी दर्शाता है।
वैश्विक
स्तर पर अनिश्चितताओं के बीच भारत की $5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की राह में चुनौतियां
बनी रहेंगी। ऐसे में नागरिकों के लिए वित्तीय सुरक्षा बेहद जरूरी है। जीवन बीमा क्षेत्र
देश की आर्थिक मजबूती बढ़ाने और परिवारों को वित्तीय सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका
निभा रहा है।