मेनू

×

खोजें

आईआईएम रायपुर करेगा JAP 2026 का समन्वय, चार आईआईएम में एकीकृत प्रवेश प्रक्रिया को देगा गति

आईआईएम रायपुर करेगा JAP 2026 का समन्वय, चार आईआईएम में एकीकृत प्रवेश प्रक्रिया को देगा गति

रायपुर: भारतीय प्रबंधन संस्थान आईआईएम काशीपुर, आईआईएम रायपुर, आईआईएम रांची और आईआईएम तिरुचिरापल्ली ने मिलकर जॉइंट एडमिशन प्रोसेस ( JAP) 2026 की घोषणा की है। यह पहल एमबीए प्रवेश प्रक्रिया को अधिक एकरूप, पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसके तहत अभ्यर्थियों को सिंगल-विंडो आवेदन और मूल्यांकन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

JAP 2026 को इस तरह तैयार किया गया है कि उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया सरल हो, साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता और चयन मानकों से कोई समझौता न हो। इस साझा व्यवस्था के तहत भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को एक समान चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

CAT 2025 के नतीजे घोषित होते ही JAP 2026 का अगला चरण शुरू होगा। तय मानकों के हिसाब से शॉर्टलिस्ट हुए उम्मीदवारों को JAP 2026 पोर्टल पर रजिस्टर करना अनिवार्य होगा।

इस अवसर पर आईआईएम रायपुर के निदेशक (प्रभारी) प्रो. संजीव पराशर ने कहा,

हमें गर्व है कि JAP 2026 के समन्वय की जिम्मेदारी आईआईएम रायपुर को सौंपी गई है। यह सहयोगात्मक पहल एक पारदर्शी और मानकीकृत प्रवेश प्रक्रिया के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे योग्य उम्मीदवारों को एक ही मंच से कई आईआईएम में प्रवेश का अवसर मिलेगा।”

पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवारों में से पर्सनल इंटरव्यू के लिए अंतिम चयन हर कैटेगरी के आगे के कट-ऑफ स्कोर के हिसाब से किया जाएगा, जिन्हें बाद में घोषित किया जाएगा।

JAP 2026 के पर्सनल इंटरव्यू की संभावित तारीखें फरवरी–मार्च 2026 हैं। चुने गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू, चयन के नियम और अन्य जानकारी समय पर आधिकारिक माध्यमों से बताई जाएगी।

JAP 2026 का समन्वयक आईआईएम रायपुर होगा, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगा। यह सभी भाग लेने वाले आईआईएम की निष्पक्ष और पारदर्शी प्रवेश व्यवस्था की प्रतिबद्धता को दिखाता है।

अभ्यर्थियों को  सलाह दी जाती है कि वे JAP 2026 से संबंधित अपडेट और घोषणाओं के लिए नियमित रूप से भाग लेने वाले आईआईएम की आधिकारिक वेबसाइट्स देखते रहें।

 

ADVERTISEMENT