पुणे : भारत की सबसे लोकप्रिय सिटी रन में से एक बजाज पुणे मैराथन अपने
छठे संस्करण के साथ 14 दिसंबर को लौट रही है। इस बार
आयोजन और भी बड़ा, प्रेरक और समावेशी होगा।
बजाज फिनसर्व लिमिटेड, जो देश के सबसे बड़े और विविध वित्तीय समूहों में से एक है, की यह पहल हजारों धावकों को एक मंच पर लाती है — अंतरराष्ट्रीय एथलीटों से लेकर फिटनेस प्रेमियों और कॉर्पोरेट लीडर्स
तक — सभी एक ही विश्वास के साथ: “You Too Can Fly” यानी “आप भी उड़ान भर सकते हैं।”
इस
भावना का नेतृत्व कर रहे हैं दुनिया के दो सबसे मशहूर एथलीट — जमैका की स्प्रिंट लीजेंड शेली-ऐन
फ्रेज़र-प्राइस, जो 17 विश्व चैम्पियनशिप और 8 ओलंपिक पदकों के साथ
अब तक की सबसे सफल 100 मीटर धाविका हैं, और अमेरिका के नोआ
लाइल्स, मौजूदा ओलंपिक और विश्व चैम्पियन,
जिन्हें आज “दुनिया का सबसे तेज़ आदमी”
कहा जाता है। दोनों खिलाड़ी इस मैराथन के एम्बेसडर के रूप में
खेल की उत्कृष्टता, मेहनत और प्रेरणा की भावना को साकार
करते हैं।
2018 में शुरू हुई बजाज पुणे मैराथन अब आकार और महत्व—दोनों में कहीं आगे बढ़ चुकी है। यह शुरू में 21.1 किमी की हाफ मैराथन थी, लेकिन इस
बार इसे बढ़ाकर 42.2 किमी की फुल मैराथन बनाया गया
है। इसमें कई श्रेणियाँ शामिल हैं — फुल मैराथन (42.2
किमी), हाफ मैराथन (21.1 किमी), 10 किमी और 5 किमी
टाइम्ड रेस — ताकि हर आयु और क्षमता के लोग इसमें भाग ले
सकें।
बजाज फिनसर्व लिमिटेड के चेयरमैन
और मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव बजाज ने कहा, “हमारा विज़न है हर भारतीय के सपनों को उड़ान देना। ‘You Too Can Fly’ इस सोच का प्रतीक है कि संभावनाओं की कोई सीमा नहीं। इस वर्ष की मैराथन
में नोआ लाइल्स और शेली-ऐन फ्रेज़र-प्राइस का साथ इस बात का उत्सव है कि हम सिर्फ
फिटनेस और सहनशक्ति ही नहीं, बल्कि भारत की ऊँचाइयों को
छूने की सामूहिक भावना का भी जश्न मना रहे हैं।”
शेली-ऐन फ्रेज़र-प्राइस ने
कहा, “हर फिनिश लाइन एक नई शुरुआत होती है। बजाज पुणे मैराथन उसी
भावना को जीवंत करती है—लोगों को उद्देश्य, फिटनेस और अपने भीतर की संभावनाओं के साथ जोड़ती है। बतौर एम्बेसडर इस
आयोजन से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है। यह धावक हमें याद दिलाते हैं कि हर कोई
उड़ने, आगे बढ़ने और ऊँचाई छूने की ताकत रखता है।”
नोआ लाइल्स ने कहा, “मैं बजाज पुणे मैराथन का मानद स्टार्टर बनने को लेकर बेहद उत्साहित
हूँ। भारत बहुत समय से मेरी विज़िट लिस्ट में था। मेरे बहुत सारे फैन भारत से हैं,
और मैं हमेशा उनके प्यार का जवाब देना चाहता था। अब मैं भारत की
सबसे प्रतिष्ठित मैराथनों में से एक में उनसे मिलने के लिए बेसब्र हूँ।”
फ्रेज़र-प्राइस
और लाइल्स जैसी दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी और हजारों धावकों की तैयारी के साथ, 2025 का बजाज
पुणे मैराथन संस्करण भारत के सबसे प्रेरणादायक और
सम्मानित खेल आयोजनों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है।