मुंबई: भारत के सबसे तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स
प्लेटफॉर्मों में से एक जेप्टो लिमिटेड ने भारतीय
प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी)
के पास अपना यूडीआरएचपी-I
(अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस-I) दाखिल किया है। रेडसीर रिपोर्ट के
अनुसार, वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 के बीच ऑर्डर वॉल्यूम के आधार पर
स्केल्ड क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्मों में जेप्टो सबसे तेजी से
बढ़ने वाला प्लेटफॉर्म रहा है। प्रस्तावित आईपीओ में ₹8,010 करोड़ तक का फ्रेश
इश्यू तथा ₹5 अंकित मूल्य वाले 11,34,66,566 इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल है।
वित्त वर्ष 2024 से 2026 के दौरान जेप्टो का ऑर्डर
वॉल्यूम लगभग 119.50% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ा, जो
उद्योग की वृद्धि दर से काफी अधिक है। कंपनी का मुख्य फोकस क्विक कॉमर्स व्यवसाय
है और इसका लक्ष्य ग्राहकों को अत्यंत तेज़ डिलीवरी उपलब्ध कराना है।
31 मार्च 2026 तक जेप्टो
के प्लेटफॉर्म पर औसतन 46,623 एसकेयू (फलों
एवं सब्जियों से लेकर घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स और कॉस्मेटिक्स तक) सूचीबद्ध थे। कंपनी
के मर्चेंट पार्टनर्स 1,139 डार्क स्टोर्स के नेटवर्क के माध्यम से इन उत्पादों की
बिक्री करते हैं।
कंपनी का डार्क स्टोर नेटवर्क एक उन्नत बैकएंड सप्लाई चेन इंफ्रास्ट्रक्चर
द्वारा संचालित है, जो निर्माताओं और ब्रांडों के एफएमसीजी उत्पादों की तेज़
आपूर्ति सुनिश्चित करता है। 31 मार्च 2026 को समाप्त तीन महीनों के दौरान इसकी
स्वचालित अवसंरचना के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 39.99 लाख यूनिट्स का प्रसंस्करण
किया गया।
जेप्टो के
डिलीवरी नेटवर्क में औसतन 2.87 लाख सक्रिय डिलीवरी पार्टनर्स शामिल थे, जिन्होंने
31 मार्च 2026 को समाप्त तीन महीनों में प्रतिदिन औसतन 23.33 लाख ऑर्डर डिलीवर
किए। कंपनी का इन-हाउस डिलीवरी प्लेटफॉर्म मांग पूर्वानुमान, शिफ्ट प्रबंधन,
डिजिटल भुगतान संग्रह और डिलीवरी पार्टनर्स की कमाई व साप्ताहिक भुगतान की
पारदर्शिता सुनिश्चित करता है।
वित्त वर्ष 2026 में जेप्टो
ने ₹22,623.58 करोड़ का नेट रेवेन्यू और ₹24,815.54 करोड़ का नेट रेवेन्यू
वैल्यू (एनआरवी) दर्ज
किया। इसी अवधि में कंपनी के वार्षिक ट्रांजैक्टिंग यूजर्स की संख्या 4.80 करोड़
(47.97 मिलियन) रही। विज्ञापन राजस्व ₹1,635.73 करोड़ दर्ज किया गया।
कंपनी के इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई
पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
इस निर्गम के लिए एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी
प्राइवेट लिमिटेड, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड, मोतीलाल
ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स
(इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड तथा आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज
लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।
फ्रेश इश्यू से प्राप्त राशि का उपयोग निम्न उद्देश्यों के
लिए किया जाएगा:
1. मौजूदा एवं नए भौगोलिक क्षेत्रों में नए डार्क स्टोर्स स्थापित कर नेटवर्क
का विस्तार।
2. मौजूदा डार्क स्टोर्स के लीज़ किराए का भुगतान।
3. प्रौद्योगिकी एवं क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश।
4. ब्रांड जागरूकता और दृश्यता बढ़ाने के लिए जेप्टो मार्केटप्लेस प्राइवेट
लिमिटेड में
विपणन एवं व्यवसाय प्रोत्साहन गतिविधियों हेतु निवेश।
5. संभावित अधिग्रहणों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए पूंजी उपलब्ध कराना।