वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ₹13,896 करोड़ का सर्वाधिक राजस्व दर्ज किया गया
कर पश्चात लाभ (PAT) 51% बढ़कर ₹1,174 करोड़ पहुंचा
बेंगलुरु : टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ₹13,896 करोड़ का राजस्व दर्ज किया है, जो कि वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में दर्ज ₹10,081 करोड़ की तुलना में 38% की वृद्धि दर्शाता है।
कंपनी ने 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान 41% की वृद्धि के साथ ₹1,779 करोड़ का अपना अब तक का सर्वाधिक ईबीआईटीडीए (EBITDA) दर्ज किया, जबकि 2025-26 की पहली तिमाही में यह ₹1,260 करोड़ था। जून 2025 को समाप्त तिमाही के 12.5% की तुलना में जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी के ईबीआईटीडीए मार्जिन में 30 बीपीएस (bps) का सुधार हुआ और यह 12.8% पर पहुंच गया।
चालू तिमाही के दौरान, कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT)[1] 51% बढ़कर ₹1,174 करोड़ हो गया, जबकि 2025-26 की पहली तिमाही के दौरान यह ₹776 करोड़ था।
वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं के कारण समीक्षाधीन तिमाही में कमोडिटी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया, जिससे इनपुट लागत में वृद्धि हुई। कंपनी ने मूल्य समायोजन (प्राइस एडजस्टमेंट) और केंद्रित लागत अनुकूलन पहलों (पैमाने के लाभों सहित) के माध्यम से लागत में हुई इस वृद्धि के प्रभाव को आंशिक रूप से कम किया है।
पहली तिमाही वित्त वर्ष 2026-27 की बिक्री:
वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान, कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की। कुल दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री 28% बढ़कर 1.63 मिलियन यूनिट दर्ज की गई, जबकि जून 2025 को समाप्त तिमाही में यह 1.28 मिलियन यूनिट थी। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान मोटरसाइकिल की बिक्री 19% बढ़कर 0.74 मिलियन यूनिट रही, जो जून 2025 की तिमाही में 0.62 मिलियन यूनिट थी। समीक्षाधीन तिमाही में स्कूटर की बिक्री 36% बढ़कर 0.68 मिलियन यूनिट रही, जो जून 2025 को समाप्त तिमाही में 0.50 मिलियन यूनिट थी। अंतर्राष्ट्रीय व्यवसाय में 33% की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 0.47 मिलियन यूनिट की बिक्री हुई, जबकि 2025-26 की पहली तिमाही में यह 0.35 मिलियन यूनिट थी।
दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बिक्री में 86% की वृद्धि दर्ज की गई। 2026-27 की पहली तिमाही में 129,940 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि 2025-26 की पहली तिमाही के दौरान यह 70,060 यूनिट्स थी। टीवीएस मोटर के पास अब 1 मिलियन (10 लाख) से अधिक संतुष्ट ईवी ग्राहक हैं।
जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही में तिपहिया वाहनों की बिक्री 48% बढ़कर 66,697 यूनिट रही, जबकि जून 2025 को समाप्त तिमाही में यह 44,978 यूनिट थी।