मेनू

×

खोजें

गंभीर बीमारी से नई जिंदगी की ओर: मणिपाल हॉस्पिटल्स ने ‘ए न्यू डॉन - आईसीयू केयर कनेक्ट’ के माध्यम से साहस, स्वस्थ होने के सफर और नई उम्मीद का जश्न मनाया

गंभीर बीमारी से नई जिंदगी की ओर: मणिपाल हॉस्पिटल्स ने ‘ए न्यू डॉन - आईसीयू केयर कनेक्ट’ के माध्यम से साहस, स्वस्थ होने के सफर और नई उम्मीद का जश्न मनाया

कोलकाता: जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली गंभीर चिकित्सकीय स्थितियों का सामना करने से लेकर स्वस्थ होने की प्रक्रिया में शारीरिक और भावनात्मक चुनौतियों पर विजय पाने तक, गंभीर बीमारी से उबरने का प्रत्येक सफर साहस, दृढ़ संकल्प और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। जीवन के प्रति इसी जिजीविषा का जश्न मनाने और क्रिटिकल केयर के बदलते स्वरूप को उजागर करने के उद्देश्य से मणिपाल हॉस्पिटल्स ने कोलकाता के स्प्रिंग क्लब में ‘ए न्यू डॉन - आईसीयू केयर कनेक्ट’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आईसीयू से स्वस्थ होकर लौटे मरीजों, चिकित्सकों और विभिन्न विशेषज्ञताओं से जुड़ी क्रिटिकल केयर टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मरीजों के असाधारण स्वास्थ्य सुधार के सफर को सम्मानित करने, अनुभवों को साझा करने तथा क्रिटिकल केयर के चिकित्सकीय, नैतिक और मानवीय पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इस पहल का उद्देश्य गंभीर बीमारियों से उबरने वाले मरीजों के असाधारण सफर को पहचान देना और गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) से बाहर एक बेहतर जीवन सुनिश्चित करने में चिकित्सकों, नर्सों तथा अन्य स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के अमूल्य योगदान को सराहना था। मरीजों के अनुभवों और विशेषज्ञों के नेतृत्व में आयोजित चर्चाओं के माध्यम से कार्यक्रम में मरीजों के उपचार परिणामों और जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए उन्नत जीवनरक्षक तकनीकों, समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप, विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच समन्वय, संवेदनशील देखभाल और आईसीयू के बाद पुनर्वास के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में मणिपाल हॉस्पिटल्स की कोलकाता स्थित विभिन्न इकाइयों के प्रमुख क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों ने गहन चिकित्सा के क्षेत्र में विकसित हो रही उपचार पद्धतियों, चुनौतियों और नैतिक पहलुओं पर संवादात्मक चर्चा में हिस्सा लिया। इसमें मणिपाल हॉस्पिटल ढाकुरिया से डॉ. सुभाष कुमार टोडी, डॉ. महुआ भट्टाचार्य और डॉ. शाश्वती सिन्हा; मणिपाल हॉस्पिटल सॉल्ट लेक से डॉ. दीपंकर सरकार; मणिपाल हॉस्पिटल ब्रॉडवे से डॉ. किशन गोयल, डॉ. सुश्रुत बंद्योपाध्याय और डॉ. राजर्षि रॉय; मणिपाल हॉस्पिटल ईएम बाइपास से डॉ. तन्मय बनर्जी और डॉ. दीपांजन चटर्जी तथा मणिपाल हॉस्पिटल मुकुंदपुर से डॉ. चंद्राशीष चक्रवर्ती शामिल रहे। डॉ. सुगतो चक्रवर्ती द्वारा संचालित इस चर्चा ने विशेषज्ञों को चिकित्सकीय दृष्टिकोण और अनुभव साझा करने के साथ-साथ गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वय, नैतिक निर्णय प्रक्रिया और समग्र रोगी देखभाल के महत्व पर विचार-विमर्श करने का मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मणिपाल हॉस्पिटल ढाकुरिया के निदेशक - क्रिटिकल केयर, डॉ. सुभाष कुमार टोडी का सम्मान समारोह रहा। उन्हें क्रिटिकल केयर चिकित्सा के क्षेत्र में ३० वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा, अटूट समर्पण और चिकित्सकीय उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से क्रिटिकल केयर की उपचार पद्धतियों को उन्नत बनाने, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन करने और मरीज-केंद्रित गहन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में उनके दीर्घकालिक योगदान को सराहा गया। यह सम्मान उन क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की अमूल्य भूमिका को भी समर्पित रहा, जिनकी विशेषज्ञता, प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता गंभीर रूप से बीमार मरीजों और उनके परिवारों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही है।

कार्यक्रम में आधुनिक क्रिटिकल केयर के सबसे जटिल नैतिक पहलुओं में से एक - प्रत्यारोपण और मैकेनिकल सर्कुलेटरी सपोर्ट (एमसीएस) प्राप्त कर रहे मरीजों में जीवनरक्षक उपचार को बंद करने के विषय पर भी विशेषज्ञों के नेतृत्व में चर्चा आयोजित की गई। हाल के वर्षों में जीवनरक्षक तकनीकों में हुई प्रगति ने गंभीर हृदय विफलता से पीड़ित और प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे मरीजों के जीवित रहने की संभावनाओं में उल्लेखनीय सुधार किया है। हालांकि, इन तकनीकी उपलब्धियों के साथ जीवनरक्षक उपचार को जारी रखने अथवा बंद करने से जुड़े जटिल चिकित्सकीय, नैतिक और कानूनी प्रश्न भी सामने आए हैं।

चर्चा के दौरान लेफ्ट वेंट्रिकुलर असिस्ट डिवाइस (एलवीएडी) और एक्स्ट्राकॉर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन (ईसीएमओ) जैसी उन्नत जीवनरक्षक प्रणालियों को उन परिस्थितियों में बंद करने से जुड़ी चुनौतियों पर विचार किया गया, जहां उपचार जारी रखने से कोई सार्थक चिकित्सकीय लाभ मिलने की संभावना नहीं रह जाती अथवा यह मरीज की व्यक्त इच्छाओं के विपरीत हो सकता है। विशेषज्ञों ने उपचार की संपूर्ण प्रक्रिया में मरीज की गरिमा और संवेदनशील देखभाल सुनिश्चित करते हुए उसकी निर्णय लेने की स्वतंत्रता, सूचित सहमति, परिवार के साथ पारदर्शी संवाद, विभिन्न विशेषज्ञों की सहभागिता से निर्णय लेने तथा स्थापित चिकित्सकीय, नैतिक और कानूनी दिशानिर्देशों के पालन के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम ने आईसीयू से स्वस्थ होकर लौटे मरीजों को उनकी उपचार करने वाली चिकित्सा टीमों से दोबारा मिलने, अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करने और स्वस्थ होने की प्रक्रिया में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों का जश्न मनाने का अवसर भी प्रदान किया। उनके अनुभवों ने गंभीर बीमारियों से जुड़ी चुनौतियों पर विजय पाने में समन्वित चिकित्सा देखभाल, दृढ़ संकल्प और भावनात्मक सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।

क्रिटिकल केयर चिकित्सा के विकास पर बात करते हुए मणिपाल हॉस्पिटल ढाकुरिया के निदेशक - क्रिटिकल केयर, डॉ. सुभाष कुमार टोडी ने कहा, “पिछले ३ दशकों में क्रिटिकल केयर चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिले हैं। तकनीकी प्रगति, वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित उपचार प्रोटोकॉल और विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के समन्वित दृष्टिकोण ने जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली चिकित्सकीय स्थितियों के प्रबंधन की हमारी क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार किया है। हालांकि, क्रिटिकल केयर का मूल आधार आज भी समय पर सही चिकित्सकीय निर्णय, टीमवर्क, संवेदनशीलता और मरीजों के कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता है। उन्नत जीवनरक्षक तकनीकों ने उपचार की संभावनाओं का विस्तार किया है, लेकिन प्रत्येक मरीज की व्यक्तिगत आवश्यकताओं, मूल्यों और गरिमा को समझना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मरीजों को गंभीर बीमारियों से उबरकर अपने परिवारों के पास लौटते देखना इस पेशे के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक है। आईसीयू केयर कनेक्ट जैसी पहल हमें यह याद दिलाती है कि प्रत्येक चिकित्सकीय उपलब्धि के पीछे साहस, दृढ़ संकल्प और उम्मीद की एक मानवीय कहानी होती है।”

समग्र स्वास्थ्य सुधार और आईसीयू के बाद के जीवन के महत्व पर जोर देते हुए मणिपाल हॉस्पिटल ब्रॉडवे के आईसीयू एवं क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख, डॉ. सुश्रुत बंद्योपाध्याय ने कहा, “गंभीर बीमारी से जीवित बच निकलना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन कई मरीजों के लिए आईसीयू से छुट्टी मिलना एक और चुनौतीपूर्ण सफर की शुरुआत होती है। आईसीयू से स्वस्थ होकर लौटे मरीजों को लंबे समय तक मांसपेशियों में कमजोरी, थकान, चिंता, नींद संबंधी समस्याओं और संज्ञानात्मक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जिन्हें सामूहिक रूप से पोस्ट-इंटेंसिव केयर सिंड्रोम (पीआईसीएस) से जोड़कर देखा जाता है। ये चुनौतियां मरीजों की दैनिक गतिविधियों में लौटने और आत्मनिर्भरता हासिल करने की क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं। फिजियोथेरेपी, पोषण संबंधी सहयोग, मनोवैज्ञानिक परामर्श और नियमित चिकित्सकीय फॉलो-अप से युक्त एक सुव्यवस्थित स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रम पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मरीजों के आत्मविश्वास और भावनात्मक स्वास्थ्य को पुनः स्थापित करने में परिवार के सदस्यों और देखभालकर्ताओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ‘ए न्यू डॉन - आईसीयू केयर कनेक्ट’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य इन असाधारण सफरों का जश्न मनाने के साथ-साथ निरंतर देखभाल के महत्व को सुदृढ़ करना और गंभीर बीमारी के बाद मरीजों को उनके जीवन की गुणवत्ता पुनः हासिल करने में सहायता प्रदान करना है।”

मणिपाल हॉस्पिटल मुकुंदपुर के क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख, डॉ. चंद्राशीष चक्रवर्ती ने कहा, “आने वाले दशक में गहन चिकित्सा का महत्व मशीनों से अधिक इससे जुड़े दोनों पक्षों पर केंद्रित होगा - एक ओर मरीज, जिनकी अपनी जीवन कहानियां और परिवार हैं, और दूसरी ओर स्वास्थ्यकर्मी, जिनका कल्याण पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखता है। तकनीक चिकित्सकों को मरीजों की बात सुनने, बेहतर संवाद करने और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने में सक्षम बनाएगी। इससे आईसीयू इस बात की वास्तविक कसौटी बनेगा कि समाज अपने सबसे असुरक्षित वर्ग की देखभाल किस प्रकार करता है। आईसीयू की देखभाल मरीज को छुट्टी मिलने के साथ समाप्त नहीं होती। गंभीर बीमारी से उबरने वाले मरीजों और उनके परिवारों को शारीरिक, संज्ञानात्मक और भावनात्मक चुनौतियों (पोस्ट-इंटेंसिव केयर सिंड्रोम) का सामना करना पड़ता है। इसलिए भविष्य में आईसीयू की सफलता का आकलन केवल इस आधार पर नहीं होगा कि कितने मरीज जीवित लौटे, बल्कि इस आधार पर होगा कि उसके बाद वे कितनी अच्छी गुणवत्ता वाला जीवन जी पा रहे हैं।”

जीवनरक्षक उपचार से जुड़ी नैतिक जटिलताओं पर प्रकाश डालते हुए मणिपाल हॉस्पिटल सॉल्ट लेक के इंटरनल मेडिसिन एवं क्रिटिकल केयर (आईसीयू) के वरिष्ठ सलाहकार, डॉ. दीपंकर सरकार ने कहा, “आधुनिक चिकित्सा ने जीवन को बनाए रखने की हमारी क्षमता का विस्तार किया है, लेकिन इसके साथ ही उन परिस्थितियों में गहन चिकित्सकीय हस्तक्षेप जारी रखने को लेकर जटिल प्रश्न भी उठे हैं, जहां मरीज के स्वस्थ होने की संभावना अत्यंत कम हो जाती है। जीवनरक्षक उपचार को बंद करने से संबंधित निर्णयों के लिए सावधानीपूर्वक चिकित्सकीय मूल्यांकन, नैतिक और कानूनी दिशानिर्देशों का पालन, मरीज की निर्णय लेने की स्वतंत्रता का सम्मान और परिवार के साथ पारदर्शी संवाद आवश्यक है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उपचार बंद करने का अर्थ देखभाल बंद करना नहीं है। संवेदनशीलता, मरीज को आराम प्रदान करना, लक्षणों का प्रबंधन और मरीज की गरिमा प्रत्येक निर्णय के केंद्र में होनी चाहिए। आईसीयू केयर कनेक्ट जैसे मंच क्रिटिकल केयर के इन संवेदनशील पहलुओं पर सार्थक संवाद को प्रोत्साहित करते हैं।”



ADVERTISEMENT