मेनू

×

खोजें

एअर इंडिया और रियाध एयर ने यात्रियों को भारत एवं सऊदी अरब के बीच और आगे के लिए यात्रा के प्रीमियम विकल्प प्रदान करने के लिए साईन किया एमओयू

एअर इंडिया और रियाध एयर ने यात्रियों को भारत एवं सऊदी अरब के बीच और आगे के लिए यात्रा के प्रीमियम विकल्प प्रदान करने के लिए साईन किया एमओयू

o   एमओयू में कोडशेयर और इंटरलाइन एग्रीमेन्ट्स के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में सहयोग की योजनाओं की रूपरेखा दी गई है

o   यह साझेदारी व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक संबंधों को बढ़ावा देती है, और दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों को दर्शाती है

गुरुग्राम : भारत की अग्रणी ग्लोबल एयरलाइन, एअर इंडिया और सऊदी अरब की नई नेशनल कैरियर, रियाध एयर ने साझेदारी के लिए एमओयू साईन किया है। यह साझेदारी यात्रियों को भारत, सऊदी अरब और आगे के गंतव्यों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

यह एमओयू दोनों फुल-सर्विस प्रीमियम एयरलाइन्स की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। इसका उद्देश्य दिल्ली, मुंबई और रियाध में स्थित हब्स के भौगोलिक फायदों का लाभ उठाते हुए, भारत, सऊदी अरब और उससे आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ग्लोबल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है।

विनियामक अनुमोदन मिलने के बाद एअर इंडिया और रियाध एयर, इंटरलाइन और कोडशेयर व्यवस्था शुरू करने की योजना बना रहे हैं। इससे यात्री एक ही बुकिंग के द्वारा दोनों एयरलाइन्स के नेटवर्क पर बिना रुकावट यात्रा कर सकेंगे, साथ ही एयरलाइन्स के हब्स के ज़रिए उन्हें आगे की यात्रा के लिए आसान कनेक्शन पाने में भी मदद मिलेगी।

दोनों एयरलाइन्स कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार करेंगी, जिसमें एक दूसरे के लॉयल्टी प्रोग्राम के फायदे, कार्गो सेवाएँ, परिचालन में सहयोग और मेहमानों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार की गई डिजिटल और तकनीकी पहलें शामिल हैं। यह साझेदारी घूमने, परिवार से मिलने या काम के सिलसिले में यात्रा करने वाले मेहमानों की बढ़ती मांग को पूरा करेगी, जो सऊदी अरब और भारत के बीच गहरे आर्थिक, सांस्कृतिक संबंधों एवं दोनों देशों के लोगों के बीच के रिश्तों को दर्शाती है।

एअर इंडिया के चीफ़ एक्ज़क्टिव ऑफ़िसर और मैनेजिंग डायरेक्टर, कैंपबैल विल्सन ने कहाःआज ग्लोबल एविएशन की बात करें तो भारत और सऊदी अरब तेज़ी से विकसित होते महत्वपूर्ण मार्केट हैं, और दोनों देशों में विकास की गति को देखते हुए यह साझेदारी बेहद स्वाभाविक है। हमें खुशी है कि हमें रियाध एयर के साथ मिलकर काम करने का मौका मिल रहा है, इससे हम दोनों एयरलाइन्स की क्षमताओं का उपयोग कर अपने मेहमानों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। हमारा मुख्य उद्देश्य हमारे संयुक्त नेटवर्क पर ज़्यादा विकल्प प्रदान कर उनके यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाना है।

रियाध एयर के सीईओ टोनी डगलस ने कहा, “भारत दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण और गतिशील एविएशन मार्केट्स में से एक है, और एअर इंडिया के साथ यह साझेदारी सऊदी अरब को दुनिया के मुख्य गंतव्यों के साथ जोड़ने के रियाध एयर के मिशन में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम एक साथ मिलकर मेहमानों को सहज एवं विश्व-स्तरीय अनुभव प्रदान करना चाहते हैं, दोनों देशों के बीच साझा गहरे सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को दर्शाता है।

2022 में निजीकरण के बाद से, एअर इंडिया ने अपने ग्लोबल अलायंस नेटवर्क का विस्तार किया है। आज, एयरलाइन के दुनिया भर की प्रमुख एयरलाइन्स के साथ 25 कोडशेयर साझेदारियां और 120 से ज़्यादा इंटरलाइन एग्रीमेंट हैं, जिससे एअर इंडिया के उपभोक्ताओं को दुनिया भर में 1,000 से अधिक गंतव्यों तक आसान पहुँच मिलती है।

रियाध एयर ने हाल ही में अपनी वेबसाइट और ऐप पर लंदन हीथ्रो के लिए उड़ानों की पब्लिक सेल शुरू की है; इन उड़ानों की शुरुआत 1 जुलाई से होगी। इस नए रूट के ज़रिए भारतीय यात्री बिना रूकावट रियाध के रास्ते, यूके और यूरोप की यात्रा कर सकते हैं। इससे घूमने-फिरने, परिवार से मिलने या काम के सिलसिले में यात्रा करने वाले मेहमानों के लिए यात्रा बेहद आसान हो जाएगी।

ADVERTISEMENT