अभिनेता विंदू दारा सिंह बोले: “मेघालय ने पहला कदम बढ़ाया है, बहुत जल्द यहां फिल्म की शूटिंग के लिए आएंगे”
नई दिल्ली: पूर्वोत्तर का मेघालय अब सिर्फ अपनी खूबसूरत वादियों और प्राकृतिक दृश्यों के कारण फिल्मकारों को आकर्षित करने वाला राज्य नहीं रहना चाहता, बल्कि अपनी कहानियों, स्थानीय प्रतिभाओं और रचनात्मक क्षमता के साथ देश के उभरते क्रिएटिव इकोनॉमी हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया में मेघालय की डिजिटल पहल ‘हेलो मेघालय’ ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की इस नई पहचान को सामने रखा।
‘हेलो मेघालय’ के स्टॉल पर पहले ही दिन करीब 300 लोग पहुंचे। बॉलीवुड के फिल्मकारों और कलाकारों के साथ फिल्म एवं क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा टेक्नोलॉजी और एआई क्षेत्र के नवाचारकर्ताओं ने भी इसमें रुचि दिखाई। कई फिल्म पेशेवरों ने मेघालय को केवल शूटिंग लोकेशन के तौर पर देखने के बजाय स्थानीय फिल्मकारों, कलाकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं के साथ काम करने की संभावनाओं में दिलचस्पी जताई।
स्टॉल पर पहुंचे एक आगंतुक की टिप्पणी ने इस बदलती पहचान को बेहद दिलचस्प अंदाज में सामने रखा। उन्होंने मेघालय को “राज्यों में जेन जी” बताया। यह टिप्पणी राज्य के युवाओं, उनकी आधुनिक सोच और अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ आगे बढ़ने की क्षमता को रेखांकित करती है।
बॉलीवुड से मिला सीधा समर्थन
फिल्म एक्सपो में मेघालय की पहल को फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों का प्रत्यक्ष समर्थन भी मिला। अभिनेता विंदू दारा सिंह ने राष्ट्रीय मंच पर मेघालय की ओर से पहल करने की सराहना करते हुए कहा, “मेघालय ने पहला कदम बढ़ाया है। मैं आपसे वादा करता हूं कि हम बहुत जल्द मेघालय आएंगे और यहां फिल्म की शूटिंग करेंगे।”
फिल्म पुष्पा के एसोसिएट डायरेक्टर निक्सन डी'क्रूज ने भी मेघालय में भविष्य की रचनात्मक परियोजनाओं और राज्य की स्थानीय प्रतिभाओं के साथ काम करने में रुचि दिखाई। वहीं फिल्मकार अश्विन नायक ने राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा, “मेघालय सरकार शानदार काम कर रही है। मेघालय की सभी जनजातियों में प्रतिभा जन्मजात है।”
‘हेलो मेघालय’ से स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मेघालय की इस रचनात्मक पहल के केंद्र में राज्य सरकार का ‘हेलो मेघालय’ OTT प्लेटफॉर्म है। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं, संगीतकारों, फिल्मकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक टिकाऊ डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करना है।
प्लेटफॉर्म पर क्षेत्रीय कंटेंट तक मुफ्त पहुंच के साथ स्थानीय क्रिएटर्स के लिए व्यूअरशिप आधारित आय का मॉडल तैयार किया गया है। यानी कलाकारों को अपनी प्रतिभा को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने के साथ उससे आजीविका अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। यह पहल केवल अनुदान देने या कंटेंट को मंच उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य ऐसा इकोसिस्टम बनाना है जहां प्रतिभाएं अपना दर्शक वर्ग तैयार कर सकें, आय अर्जित कर सकें और रचनात्मक क्षेत्र में टिकाऊ करियर बना सकें।
फिल्म टूरिज्म नीति से शूटिंग और रोजगार को बढ़ावा
मेघालय की इस रणनीति को मेघालय फिल्म टूरिज्म पॉलिसी 2025 से भी मजबूती मिल रही है। राज्य की विजन 2032 के तहत मेघालय को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग गंतव्यों में शामिल करने के उद्देश्य से नीति में कई प्रोत्साहन दिए गए हैं। इनमें इन्वेस्ट मेघालय पोर्टल के माध्यम से सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, उत्पादन लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम एक करोड़ रुपये तक अनुदान, तथा स्थानीय प्रतिभाओं और संगीत के इस्तेमाल और ‘हेलो मेघालय’ पर फिल्म के प्रीमियर के लिए विशेष प्रोत्साहन शामिल हैं।
इस नीति का असर जमीन पर भी दिखने लगा है। राज्य में नीति के तहत बनी पहली फीचर फिल्म Baa Baa Black Sheep की 100 प्रतिशत शूटिंग मेघालय में हुई और इसे महज 25 दिनों में पूरा किया गया। इस फिल्म के माध्यम से करीब 2,000 स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए।
फिल्म से आगे, संस्कृति और फैशन भी बने आकर्षण
भारत मंडपम में ‘हेलो मेघालय’ की प्रस्तुति केवल फिल्म और डिजिटल कंटेंट तक सीमित नहीं रही। राज्य की स्थानीय संस्कृति और स्वदेशी प्रतिभा को भी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। एक्सपो में मेघालय और व्यापक पूर्वोत्तर क्षेत्र के पारंपरिक परिधानों और स्वदेशी वस्त्रों पर आधारित फैशन प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसने क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और रचनात्मक विरासत को सामने रखा।
‘हेलो मेघालय’ के माध्यम से राज्य सरकार स्थानीय प्रतिभाओं और राष्ट्रीय अवसरों के बीच की दूरी कम करने की दिशा में काम कर रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, फिल्म-अनुकूल नीतियां, स्थानीय प्रतिभाओं का विकास और बाजार तक पहुंच- इन सभी को एक साथ जोड़कर मेघालय अपनी रचनात्मक अर्थव्यवस्था के लिए नया आधार तैयार कर रहा है।